Skip to main content

भारतीय शास्त्रीय संगीत सबसे अधिक पुराना

प्रख्यात सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान के युवा बेटे अमान और अयान अली खान महसूस करते हैं कि भारतीय शास्त्रीय संगीत सबसे अधिक पुराना है।

अमान ने कहा कि, "भारतीय शास्त्रीय संगीत प्राचीन है। ऋग्वेद काल में इस संगीत का उद्भव हुआ है। हमें नहीं लगता कि यह कहना ठीक है कि भारतीय संगीत अन्य प्रकार के संगीत से श्रेष्ठ है। हमारे यहां संगीत और आध्यात्मिकता में बहुत निकट का संबंध है, जो इसे अन्य संस्कृतियों में अनूठा बनाता है।"

सोमवार को खान भाइयों की दूसरी किताब ‘50 मेस्ट्रोज, 50 परफॉर्मेंसेस’ का लोकार्पण हुआ है। राजधानी के ‘द अशोक’ होटल में विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर ने इस किताब का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों भाइयों ने संगीत की प्रस्तुति दी। यह किताब 20वीं सदी के भारतीय संगीत के इतिहास को प्रस्तुत करती है।

इसमें बेगम अख्तर, भीमसेन जोशी, इनायत खान, रवि शंकर, बिस्मिल्लाह खान, शिव कुमार शर्मा, सिमानगुड़ी श्रीनिवास अय्यर और एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी जैसे कलाकारों के संबंध में जानकारी दी गई है।

दोनों भाइयों ने कहा की यह किताब भारतीय संगीत के उन श्रेष्ठ संगीतकारों, गायकों के संबंध में चर्चा करती है, जिन्होंने संगीत परम्परा को आकार दिया है। किताब में उन्हें शामिल किया गया है, जिन्होंने दूसरों से अलग काम किया है और जो भारतीय संगीत में आनेवाली नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर सकते हैं।